असोथर/फतेहपुर।
अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे 24 घंटे के सघन चेकिंग अभियान के बीच असोथर में चेकिंग व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। थाना असोथर से करीब 100 मीटर पहले बनाए गए अस्थायी चेक प्वाइंट पर मंगलवार सुबह निर्धारित समय पर टास्क फोर्स के अधिकारी के नहीं पहुंचने की बात सामने आई। इस दौरान स्थानीय स्तर पर करीब आधा सैकड़ा ओवरलोड वाहनों के चेक प्वाइंट से होकर गुजरने का दावा किया गया है।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर खनिज अनुभाग के पत्रांक 1624/खनिज-प्रवर्तन (2026-27) के तहत 1 से 31 अक्टूबर तक 24 घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत चेक प्वाइंट पर अधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक असोथर चेक प्वाइंट पर टास्क फोर्स में ग्राम पंचायत अधिकारी गुलाब सिंह, तेलियानी ब्लॉक की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि निर्धारित समय तक अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण चेकिंग व्यवस्था प्रभावित रही और इस दौरान कई ओवरलोड वाहन चेक प्वाइंट से होकर निकल गए।
सुबह करीब 10 बजे जब संबंधित अधिकारी गुलाब सिंह से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने तबीयत खराब होने और बारिश के कारण मौके पर पहुंचने में देरी होने की बात कही।
मामले में सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारी किसी कारणवश समय पर नहीं पहुंच सके थे तो चेकिंग व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई। अभियान के निर्देशों में संबंधित थानाध्यक्ष को भी अपने स्तर से चार पुलिसकर्मियों की तैनाती कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
स्थानीय स्तर पर लाइव लोकेशन कैमरे से बनाए गए वीडियो के आधार पर भी चेक प्वाइंट से ओवरलोड वाहनों के गुजरने का दावा किया गया है। हालांकि, इन वाहनों की वास्तविक संख्या और उनके खिलाफ हुई कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
अब मामला सामने आने के बाद ड्यूटी पर तैनात अधिकारी की अनुपस्थिति, चेकिंग व्यवस्था और चेक प्वाइंट से गुजरने वाले वाहनों की निगरानी को लेकर जिला प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
Trending Now
असोथर में चेकिंग व्यवस्था पर सवाल, टास्क फोर्स की गैरमौजूदगी में गुजरते रहे ओवरलोड वाहनसुबह 8 बजे से ड्यूटी, 10 बजे तक नहीं पहुंचे अधिकारी; करीब आधा सैकड़ा वाहनों के निकलने का दावा
👁 28.6K views





