रिपोर्ट: नरसिंह मौर्य, असोथर (फतेहपुर)
फतेहपुर जनपद के असोथर क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांदा जिले से मोरंग लादकर आ रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली मुराईन मोहल्ला के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक मोहित कुमार (20), पुत्र रंजीत यादव, निवासी विधातीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ, जब सामने से आ रहे एक ट्रक की तेज रोशनी सीधे चालक की आंखों पर पड़ी। इसी दौरान अचानक आई आंधी से उड़ती धूल आंखों में चली गई, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर लगभग 10 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। चालक ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबा हुआ था, जिसे निकालने के लिए नगर पंचायत की जेसीबी मशीन लगाई गई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिली।
बाद में घाट संचालकों की पोकलैंड मशीन मंगाई गई। ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान मोहित कुमार जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा।
गंभीर हालत में घायल चालक को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज शुरू कराया है।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया था, जिससे चालक दब गया था। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर पर्याप्त बचाव संसाधन उपलब्ध होते, तो चालक को और जल्दी निकाला जा सकता था। हादसे के बाद देर शाम तक पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना रहा।






