असोथर फतेहपुर।ग्रामसभा मनावा में आज भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन की ओर से बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वर्गीय बेनीमाधव सिंह के पौत्र विजय सिंह पुत्र अजय सिंह को ग्राम अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भाकियू अराजनैतिक असोथर ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान के छोटे पुत्र युवा शक्ति अंकुर सिंह चौहान की उपस्थिति में विजयीपुर ब्लॉक अध्यक्ष सत्यम सिंह भदौरिया, असोथर ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह तथा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष लल्ला खान सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
बैठक के दौरान किसानों ने मनावा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के लंबे समय से बंद होने का मुद्दा उठाया। किसानों ने बताया कि केंद्र कई वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। किसानों ने उप स्वास्थ्य केंद्र को दोबारा संचालित कराने की मांग की।
मौके पर भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से फोन पर वार्ता की। सीएमओ ने एक सप्ताह के अंदर उप स्वास्थ्य केंद्र को खुलवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा किसानों ने गांव में सहकारी समिति स्थापित करने की भी मांग रखी। इस संबंध में दिनेश प्रताप सिंह ने डीएओ नरोत्तम सिंह और डीडी रामजतन से फोन पर वार्ता कर समिति गठन की मांग की।
अधिकारियों ने बताया कि समिति गठन के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए। प्रस्ताव मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया को अंतिम रूप देकर समिति के गठन की कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में किसानों ने गांव की अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। इस मौके पर सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
Trending Now
ग्राम अध्यक्ष मनोनयन के दौरान किसानों ने उठाईं स्वास्थ्य और सहकारी समिति की मांगें मनावा में विजय सिंह बने ग्राम अध्यक्ष, बंद उप स्वास्थ्य केंद्र खुलवाने का मिला आश्वासन
👁 17.9K views





