असोथर/फतेहपुर। कई दिनों से हो रही तेज बारिश ग्रामीण इलाकों के साथ नगर पंचायत असोथर में भी आफत बन गई है। लगातार बारिश के चलते असोथर नगर पंचायत, ग्राम पंचायत सरकंडी और जरौली क्षेत्र में कुल 16 घर गिर गए। वहीं कई घरों में बारिश का पानी भर जाने से खाने-पीने का सामान और गृहस्थी का सामान खराब हो गया। मकान गिरने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
नगर पंचायत असोथर के तेलनापर, परभू डेरा, वार्ड नंबर 15 और वार्ड नंबर पांच में सुंदर पासवान, गुंडा पासवान, हीरा रैदास, सुनील सिंह चौहान, विनोद सिंह, रंजीत मिश्रा, राधा मिश्रा, नीरज अग्निहोत्री, पप्पू अटॉक, कल्याण सिंह, विजय मिश्रा, मनोज सिंह और बलवंत सिंह समेत अन्य लोगों के मकान तेज बारिश के कारण गिर गए। कुछ लोगों के घरों में पानी भर गया। इससे राशन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पानी में खराब हो गया।
वहीं असोथर विकासखंड की ग्राम पंचायत सरकंडी के मजरे मैकुआपुर में पुरुषोत्तम निषाद और बब्बू का डेरा में अर्जुन निषाद का मकान भी बारिश के कारण गिर गया। इसी तरह जरौली निवासी लाल चंदन सिंह का घर भी ढह गया। मकान गिरने से उनकी गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया और पानी भरने से खाने-पीने समेत अन्य सामान खराब हो गया।
मकान गिरने और जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान की जांच कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जर्जर और कच्चे मकानों पर खतरा बना हुआ है।
राजस्व विभाग के लेखपालों ने बताया कि प्रभावित मकानों का मौका मुआयना किया जाएगा। इसके बाद बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
Trending Now
तेज बारिश से असोथर, सरकंडी और जरौली में 16 घर गिरे, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा कई घरों में भरा पानी, पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की
👁 42.1K views







