पीसी जोशी को श्रद्धांजलि देने प्रयागराज पहुंचे अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav सोमवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सांसद Rita Bahuguna Joshi के दिवंगत पति पीसी जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
“देश संकट में, बीजेपी खुद एक संकट”
अखिलेश यादव ने कहा कि इस समय देश संकट के दौर से गुजर रहा है और बीजेपी खुद एक बड़ा संकट बन चुकी है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और इसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। डॉलर की स्थिति और आर्थिक गिरावट पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग अर्थव्यवस्था मजबूत करने का दावा करते थे, उन्हीं की वजह से हालात बिगड़े हैं।
पीएम मोदी की अपील पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसी अपीलें उनके राजनीतिक पतन का संकेत हैं। उन्होंने कहा, “जो लोकसभा में हारे हैं, वो अपील के बाद भी हारेंगे। पीएम की अपील उनके पतन की अपील है।”
2027 चुनाव पर क्या बोले अखिलेश
2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि प्रयागराज शिक्षा, संस्कृति और सौहार्द की त्रिवेणी है, लेकिन चुनावी रणनीति अभी सार्वजनिक नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समय आने पर जनता सब देखेगी।
विवादित बयान पर सांसद लोधी से बनाई दूरी
महोबा के सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री पर की गई विवादित टिप्पणी पर अखिलेश यादव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल सही नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी दुख और गुस्से में गलत शब्द निकल जाते हैं।
पूजा पाल और मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज
सपा की बागी विधायक पूजा पाल को लेकर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी चाहे तो उन्हें डिप्टी सीएम बना दे। मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं को सिर्फ “स्टूल” पर बैठाने की राजनीति हो रही है।
केशव मौर्य पर भी साधा निशाना
डिप्टी सीएम Keshav Prasad Maurya के 2047 तक सत्ता में बने रहने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने व्यंग्य करते हुए कहा कि वे सिर्फ अपने कुर्ते-पायजामे का साइज बताते रहते हैं।
परिवार से मिलकर जताई संवेदना
प्रयागराज दौरे के दौरान अखिलेश यादव करीब एक घंटे तक रीता बहुगुणा जोशी के आवास पर रहे और परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।






