फतेहपुर, 19 अप्रैल। अखिल भारत हिंदू महासभा के तत्वावधान में भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सर्व समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन द्विवेदी टावर, आईटीआई रोड फतेहपुर में पूर्व मंत्री राधेश्याम गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे प्रारंभ होकर दोपहर 2:00 बजे तक चला।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके बाद परशुराम स्वरूप में उपस्थित श्री रामबाबू द्विवेदी ‘मयंक’ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस दौरान 5 वर्षीय आर्य अग्रवाल ने संस्कृत में श्रीमद्भागवत गीता के लगभग 101 श्लोकों का पाठ कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने संबोधन में परशुराम अभिनेता रामबाबू द्विवेदी ‘मयंक’ ने भगवान परशुराम के जीवन और सनातन धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान परशुराम ने सदैव सर्व समाज के कल्याण का कार्य किया। उन्होंने विभिन्न जनजातियों को अत्याचार से मुक्त कर समाज में समानता और न्याय की स्थापना की।
कार्यक्रम का संचालन हिंदू महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि महापुरुषों और देवताओं को जाति के बंधनों में नहीं बांटना चाहिए, बल्कि सभी को एकजुट होकर सनातन धर्म और राष्ट्र गौरव को आगे बढ़ाना चाहिए।
अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री राधेश्याम गुप्ता ने फतेहपुर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रामगोपाल शुक्ला, रामू शुक्ला, राम अनुज तिवारी, शशिकांत मिश्रा, गजेंद्र मौर्य, स्वामी राम आसरे, करण सिंह पटेल, डॉ. प्रमोद पांडे, बार महामंत्री अनुराग नारायण मिश्रा, सभासद विनय तिवारी, अमित तिवारी (ब्लॉक प्रमुख भिटौरा), रिंकू सिंह लोहारी, सत्य भगवान गुप्ता, आशीष मिश्रा (पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा), श्रवण पांडे ‘पथिक’, अमित त्रिवेदी, नीटू मिश्रा, शिक्षक अनुराग मिश्रा, वीरेंद्र मणि त्रिपाठी (एडवोकेट), संगीता गुप्ता, बेबी गुप्ता, काजल तिवारी, सुधा सिंह, संध्या शुक्ला सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।






