फतेहपुर पुलिस ने शहर में हुई मोबाइल और नगदी लूट की दो घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक पर्स, ₹2130 नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पहली घटना: छात्रा से बैग छीनकर फरार हुए बदमाश
29 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी अनम परवेज ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह प्राथमिक विद्यालय अलादतपुर से घर लौट रही थीं। इसी दौरान भिटौरा रोड स्थित कलश गेस्ट हाउस के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके हाथ से बैग झपट लिया और फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार पीछे बैठे आरोपी ने काले रंग की हाफ टी-शर्ट पहन रखी थी और चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधा हुआ था। छीने गए बैग में वन प्लस और सैमसंग कंपनी के दो मोबाइल फोन, नगदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे। मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना: ट्रक चालक से मोबाइल और नगदी लूटी
दूसरी घटना में असम निवासी ट्रक चालक गौतम चौहान ने पुलिस को बताया कि वह 29 अप्रैल को वोल्वो डिलीवरी ट्रक लेकर फतेहपुर शहर पहुंचे थे। लखनऊ बाईपास के पास जब वह अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहे थे, तभी अज्ञात युवक उनका सैमसंग मोबाइल और उसमें रखे ₹7500 झपट्टा मारकर फरार हो गया।
इस मामले में भी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
CCTV और CEIR की मदद से पकड़े गए आरोपी
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, CEIR पोर्टल और मुखबिर की सूचना के आधार पर 8 मई 2026 को अयोध्या कुटी क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।






