फतेहपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने रविवार को पुलिस लाइन फतेहपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस लाइन स्थित कार्यालयों, बैरकों, परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्ड, परेड ग्राउंड, वर्दी स्टोर सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, अनुशासन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सुधार व बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण का भी जायजा लिया। उन्होंने आरटीसी भोजनालय, कैंटीन और परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
वहीं दूसरी ओर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके।







