फतेहपुर। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई। घर के अंदर मां सुशीला श्रीवास्तव, बेटा कमल श्रीवास्तव और देवर सुनील श्रीवास्तव के शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने तीनों की धारदार हथियार से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी उस समय हुई जब पड़ोसियों को घर के अंदर संदिग्ध स्थिति दिखाई दी। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला का पति फतेहपुर शहर में अपनी बेटी के घर गया हुआ था। पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ट्रिपल मर्डर के पीछे की वजह, आपसी रंजिश या अन्य संभावित कारणों की जांच में जुटी हुई है। इस खौफनाक वारदात से चौफेरवा गांव समेत पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।







