आदर्श तिवारी
फतेहपुर में गणतंत्र दिवस की सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। थरियांव थाना क्षेत्र के सखीयांव गांव स्थित बजहा बाबा मंदिर के गेट पर लगभग 30 वर्षीय किसान सुशील का शव फंदे से लटका मिला। सुबह-सुबह मंदिर के बाहर यह मंजर देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान अचिंतपुर पिटाई गांव निवासी किसान सुशील के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, शव मंदिर के गेट पर काफी समय से फंदे पर लटका हुआ था। शव की स्थिति और मौके की हालत देखकर स्थानीय लोग इसे आत्महत्या मानने से साफ इंकार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शव जिस तरीके से लटका मिला है, उससे हत्या की आशंका गहरा रही है।
सूचना मिलते ही थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सुशील की हत्या कर शव को मंदिर में फंदे पर लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
थरियांव थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की प्रारम्भिक जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का पता जांच के बाद ही लगाया जा सकेगा और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, घटना की खबर फैलते ही मौके पर पहुंचे किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और हर एंगल को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।








