फतेहपुर। जिले में गांजा की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति पूरी तरह बदलती नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों और सूत्रों के मुताबिक शहर के कई इलाकों में गांजा की बिक्री कथित तौर पर अब भी जारी है। फर्क सिर्फ इतना बताया जा रहा है कि पहले जहां यह नशा आसानी से उपलब्ध हो जाता था, वहीं अब आम नशेड़ियों के लिए इसकी पहुंच मुश्किल हुई है, जबकि खास ग्राहकों तक इसकी सप्लाई का नेटवर्क कथित तौर पर सक्रिय है।
शहर के बाकरगंज क्षेत्र में एक गुमटी के आसपास, लखनऊ बाईपास, भिटौरा भाई पास, आदौली पुलिया, नऊवाबाग, राधानगर और वर्मा तिराहा सहित कई स्थानों पर गांजा की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के कस्बों में भी अवैध कारोबार पूरी तरह थमने का दावा जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती के बाद गांजा खुले तौर पर मिलने के बजाय कथित तौर पर पहचान और संपर्क के आधार पर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, इसकी कीमतों में भी इजाफा होने की चर्चा है। यानी कार्रवाई का असर कारोबार बंद होने के बजाय कथित रूप से सप्लाई के तरीके और कीमत पर पड़ा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पुलिस अभियान लगातार चल रहा है तो शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गांजा की कथित उपलब्धता पर पूरी तरह रोक क्यों नहीं लग पा रही है? हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, नियमित निगरानी और वास्तविक तस्करों तक पहुंचने पर ही इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगने की उम्मीद है।
Trending Now
फतेहपुर में गांजा बिक्री पर रोक का दावा बेअसर,कारोबारियों पर नहीं पड़ा असर रेट बढ़े, आम नशेड़ी दूर; खास ग्राहकों तक पहुंच रहा गांजा बस दाये से बायें का खेल
👁 25.6K views







