फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में इंसानियत को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव की एक 63 साल की बुजुर्ग महिला को हवस का शिकार बनाया गया है। उसके साथ दरिंदे वहसी ने रेप की घटना को अंजाम देकर बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया। महिला के साथ इस प्रकार की घटना का मामला सुर्खियों में आ गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर महिला को मेडिकल के लिए भेजने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पूरी घटना थरियांव थाना क्षेत्र की है।
मुंह दबाकर दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला के 3 बेटे हैं। तीनों बाहर रहकर ईंट भट्ठों में काम कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। महिला घर मे अकेली रहती है। बताया जा रहा है की रात करीब साढ़े 9 बजे वृद्धा गांव किनारे शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इस दौरान अचानक पीछे से एक नकाबपोश युवक आया।आरोपों के अनुसार, नकाबपोश ने महिला को दबोच लिया। जब महिला ने शोर मचाना चाहा तो आरोपी ने मुंह दबाकर जबरन उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद दरिंदे ने महिला को बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से भाग निकला।
लड़खड़ाते घर पहुंची बुजुर्ग
करीब 2 घंटे तक बेसुध पड़ी महिला को जब होश आया तो किसी तरह लड़खड़ाते हुए घर पहुंची और पड़ोस में रहने वाली महिलाओं से आप बीती बताई। इस पर पड़ोसियों से घटना की जानकारी पर बेटे भी रविवार की सुबह घर पहुंचे। घटना की शिकायती पत्र स्थानीय थाना पुलिस को दी। इसके बाद वृद्धा को गंभीर हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की धर-पकड़ के लिए आसपास इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।






