फतेहपुर। जनपद के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 12 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कौशाम्बी जनपद निवासी 12 वर्षीय हर्षित अपने ननिहाल हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पिलही गांव आया हुआ था। गुरुवार को वह अपने नाना के साथ गंगा नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान हर्षित अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी प्रयास के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशोर की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।






