फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में बुधवार देर रात साले और बहनोई के बीच चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। ससुराल में सो रहे पांच लोगों पर कथित तौर पर बांके से हमला किए जाने से गांव में हड़कंप मच गया। हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, शोर सुनकर ग्रामीणों ने आरोपी बहनोई को पकड़ लिया। इस दौरान हुई मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, आशापुर गांव निवासी करीब 50 वर्षीय पवन विश्वकर्मा बुधवार शाम लगभग चार बजे अपनी ससुराल बीकमपुर गांव आया था। बताया जा रहा है कि पवन का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा था। इसी वजह से वह ससुराल वालों से रंजिश मानता था। बुधवार रात करीब दो बजे पवन ने कथित तौर पर घर में सो रहे लोगों पर बांके से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमले में प्रदीप उम्र करीब 20 वर्ष, राजेश, पुष्पा, राजकरण उम्र करीब 22 वर्ष और गोरे उम्र करीब 18 वर्ष घायल हो गए। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। घायलों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी पवन को पकड़ लिया।
ग्रामीणों द्वारा आरोपी को पकड़ने के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपी सहित सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में घायलों को बेहतर उपचार के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इधर, उपचार के दौरान आरोपी पवन विश्वकर्मा की मौत हो गई। उसकी मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनाक्रम की जांच तेज कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पवन ने किन परिस्थितियों में ससुराल में मौजूद लोगों पर हमला किया और ग्रामीणों द्वारा उसे पकड़े जाने के बाद उसके साथ हुई मारपीट में उसकी मौत कैसे हुई।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। फोरेंसिक टीम और पुलिस की जांच के आधार पर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
घटना के बाद बीकमपुर गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह, हमले की पूरी परिस्थितियां और आरोपी की मौत को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और घायलों के बयान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
Trending Now
फतेहपुर: ससुराल में सो रहे 5 लोगों पर बांके से हमला, आरोपी बहनोई की मौत, कई घायल,SP सहित कई पुलिस अफसर मौके पर
👁 96.2K views







