फतेहपुर जनपद में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां स्कूल जा रही बच्चियों के साथ बीच सड़क पर छींटाकशी और छेड़छाड़ की घटना कैमरे में कैद हो गई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई रोड के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक स्कूल जा रही छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आए। वीडियो में आरोपी न सिर्फ छींटाकशी करते दिख रहे हैं, बल्कि बच्चियों का हाथ पकड़ने की कोशिश भी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आते ही पुलिस ने बिना किसी औपचारिक शिकायत का इंतजार किए स्वतः संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि महिला सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि अब छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। वहीं, अभिभावकों और समाज के लिए भी यह जरूरी है कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाएं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।






