फतेहपुर। लगातार तीन दिनों से हुई भारी बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसान कांग्रेस ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसान कांग्रेस उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिलाध्यक्ष मोहित मिश्रा ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है और किसानों की फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। इससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसान कांग्रेस ने नुकसान का निष्पक्ष, पारदर्शी और वास्तविक आकलन कराने की मांग की है।
मोहित मिश्रा ने मांग रखी कि कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रत्येक प्रभावित गांव और खेत का सर्वे कराया जाए। सर्वे के दौरान फसल क्षति की जियो-टैगिंग और फोटोग्राफी सहित उचित अभिलेखीकरण कराया जाए, ताकि किसी पात्र किसान का नाम सूची से छूट न सके।
ज्ञापन में बारिश से प्रभावित किसानों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार तत्काल फसल क्षति का मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अथवा अन्य फसल बीमा योजनाओं से जुड़े किसानों का भी शीघ्र सर्वे कराकर बीमा दावा राशि का त्वरित भुगतान कराने की मांग उठाई गई।
किसान कांग्रेस ने यह भी कहा कि फसल क्षति और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा प्रभावित किसानों की सूची सार्वजनिक की जाए। खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के बाद बारिश से प्रभावित फसल का भी नियमानुसार आकलन कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सर्वे और भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर किसानों को तत्काल राहत देने के निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है।
Trending Now
भारी बारिश से फसलों को नुकसान, किसान कांग्रेस ने मुआवजे की उठाई मांग
👁 12.7K views





