फतेहपुर। शहर के राधानगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। सुंदरमती बालिका इंटर कॉलेज के पास भूतपूर्व सैनिक और उसकी पत्नी के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दबंगों ने भूतपूर्व सैनिक और उसकी पत्नी को घेरकर बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं भूतपूर्व सैनिक को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वायरल वीडियो में कुछ लोग दंपति के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलने पर राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।






