नरसिंह मौर्य असोथर (फतेहपुर)।
फतेहपुर जिले के विकास खंड असोथर के सराय गांव से अंदीपुर गांव तक करीब तीन किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण और डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। करीब 20 लाख रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य में ग्रामीणों ने मानकों के विपरीत निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया और जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में बोल्डर के साथ डस्ट डालने की जगह मिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। इसके साथ ही डामरीकरण से पहले सड़क का समतलीकरण (लेवल) भी ठीक से नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क ऊबड़-खाबड़ बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह कार्य कराया गया तो सड़क जल्द ही खराब हो जाएगी और राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना रहेगा।
मामले को लेकर ग्रामीण पिंटू, गोरे सिंह, सुभाष, प्रमोद सिंह, रामराज, दिनेश, शिवम सहित अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया और संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं ठेकेदार जितेंद्र पांडेय का कहना है कि सड़क का नवीनीकरण कार्य पूरी तरह मानक के अनुसार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बोल्डर के साथ डस्ट मिक्स मंगवाया जा रहा है और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि अधिकारियों द्वारा मौके पर जांच कराई जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






