फतेहपुर। जिले में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए एक बार फिर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। संस्था के सदस्यों ने समय रहते रक्तदान कर एक मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, एक मरीज को तत्काल ‘ए पॉजिटिव (A+)’ रक्त की आवश्यकता थी। परिजन कई स्थानों पर रक्त की तलाश करते रहे, लेकिन उन्हें रक्त उपलब्ध नहीं हो सका। इसी बीच मामले की जानकारी सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन को दी गई। सूचना मिलते ही संस्था के सक्रिय सदस्य जिशान शेख और सौरभ मौर्य मदद के लिए आगे आए और मानस रक्त केंद्र पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया।
रक्तदान के बाद मरीज के परिजनों ने राहत की सांस ली और संस्था के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि रक्त की उपलब्धता न होने के कारण वे काफी परेशान थे, लेकिन संस्था के सहयोग से समय पर रक्त मिल सका और मरीज का उपचार सुचारू रूप से जारी है।
इस दौरान संस्था से गुरमीत सिंह, आकांक्षा सहित मानस रक्त केंद्र की टीम के अमन, अनामिका पाल, अंजलि और विष्णु मौजूद रहे। सभी ने रक्तदाताओं के इस मानवीय कार्य की सराहना की।
संस्था के पदाधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। इसलिए स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा में अपना योगदान देना चाहिए। संस्था लगातार जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है।






