फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र की कूरा साधन सहकारी समिति में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हो गया। किसानों ने चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए सोसाइटी के बाहर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि समिति के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सुबह 11 बजे से 12 बजे तक पर्चा खरीदने और नामांकन दाखिल करने का समय निर्धारित किया गया था। किसानों का आरोप है कि निर्धारित समय के दौरान चुनाव अधिकारी पर्चा और रसीद लेकर मौके से फरार हो गए, जिससे कई प्रत्याशी नामांकन नहीं कर सके।
घटना से नाराज किसानों ने सोसाइटी परिसर के बाहर जमकर हंगामा किया और चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग उठाई। किसानों ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में स्थानीय ब्लॉक प्रमुख की मिलीभगत से चुनाव में धांधली कराई जा रही है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि यदि निष्पक्ष तरीके से चुनाव नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।






