फतेहपुर। विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर (बहुआ देहात) के मिनी सचिवालय भवन में शनिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सुशासन की चौपाल एवं खुली बैठक का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान आवास प्लस सर्वेक्षण के अंतर्गत तैयार की गई 229 पात्र लाभार्थियों की सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया। खुले मंच पर पूरी पारदर्शिता के साथ सूची पढ़े जाने से ग्रामीणों में उत्साह दिखाई दिया। उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से सूची का समर्थन करते हुए पंचायत की पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना की।
ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने देना है। उन्होंने कहा कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और पंचायत टीम प्रत्येक ग्रामीण के साथ खड़ी है।
बैठक में ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की शंकाओं और सुझावों को सुनकर उनका मौके पर ही समाधान किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत द्वारा योजनाओं की जानकारी खुले मंच पर साझा किए जाने से पारदर्शिता बढ़ी है और लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।
चौपाल के दौरान सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्रता मानकों और लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सुमन, रंजना, रमेश, नफीस, रेखा, सुधा, राजरानी, सुनीता, अनिल, अनुराग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






