फतेहपुर जिले के खागा तहसील क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रसूलपुर सानी पॉवर हाउस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिलों में अचानक भारी बढ़ोतरी हो गई है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़कर सीधे पॉवर हाउस परिसर में फेंक दिए।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर की रीडिंग सही नहीं आ रही है और उन्हें बेवजह अधिक बिल दिया जा रहा है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, लेकिन प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रहा है।






