नरसिंह मौर्य फतेहपुर
राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मोरिंगा होटल में देर रात तक बार बालाओं का अश्लील डांस और शराब पार्टी होने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि होटल संचालक द्वारा बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के प्रतिदिन रात में इस तरह के फूहड़ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान डीजे की तेज़ आवाज़ और हुड़दंग से आसपास का माहौल बिगड़ रहा है। सोशल मीडिया पर इन डांस कार्यक्रमों का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें होटल परिसर में कुछ युवकों को बार बालाओं के साथ ठुमके लगाते देखा जा सकता है। हालांकि, लेखक/समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता, परंतु स्थानीय लोगों के अनुसार ऐसे आयोजन होटल में लगातार किए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक मोरिंगा होटल को किसी भी सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली है, बावजूद इसके होटल प्रबंधन खुलेआम नियमों की धज्जियाँ उड़ा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
रात में डांस के दौरान शराब और हंगामे की घटनाएँ आम हो गई हैं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है गौरतलब है कि यह होटल थरियांव थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई रोक-टोक या जांच नहीं की गई है। इससे यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर प्रशासन और पुलिस ऐसी अवैध गतिविधियों पर आंख क्यों मूंदे हुए हैं। क्षेत्र के समाजसेवियों और सामाजिक संगठनों ने इस तरह के आयोजनों पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि हाईवे किनारे इस प्रकार का फूहड़ प्रदर्शन समाज की मर्यादा को ठेस पहुँचाता है और युवाओं के बीच गलत संदेश फैलाता है। होटल संचालक एवं आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाए। रात में चलने वाली अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।
साथ ही स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में आंदोलन करने को बाध्य होंगे।






