फतेहपुर। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी हुतात्मा दिवस के पावन अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल जिला खागा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राम जन्मभूमि आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानी कारसेवकों, विशेष रूप से कोठारी बंधुओं (राम एवं शरद कोठारी) के अतुलनीय बलिदान तथा विश्व हिन्दू परिषद के पुरोधा श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की स्मृति में आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष श्रद्धेय अशोक सिंघल जी का जन्म शताब्दी वर्ष भी मनाया जा रहा है। संगठन द्वारा इसे सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विहिप जिला अध्यक्ष डॉ. अजय गुप्ता एवं हथगांव के चिकित्साधिकारी डॉ. अमित चौरसिया द्वारा किया गया। शिविर में बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित लगभग 15 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला गौ रक्षा प्रमुख बजरंग दल वैभव गुप्ता ने किया। इस अवसर पर समाजसेवी हिमांशु सोनी द्वारा सभी रक्तदाताओं को अंगवस्त्र एवं फल देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि कोठारी बंधुओं एवं हुतात्मा कारसेवकों का सर्वोच्च बलिदान सदैव युवाओं को राष्ट्र एवं धर्म के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा, समर्पण, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत करना तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना है।
कार्यक्रम में प्रांत समरसता प्रमुख शिव स्वरूप विश्वकर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. अजय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष नरेश कश्यप, जिला संयोजक रोहित दीक्षित, जिला गौ रक्षा प्रमुख वैभव गुप्ता, जिला सुरक्षा प्रमुख अनूप सिंह, जिला बालोपासना प्रमुख लालू तिवारी, दीपू निषाद, अनुभव श्रीवास्तव, मोहित यादव, आशुतोष साहू, विकास साहू, अमन गुप्ता, सानू शर्मा सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रक्तदान के इस सेवा कार्य के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने समाज को मानवता, सेवा और समर्पण का संदेश दिया।






