आदर्श तिवारी
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के सातों जोगा निवासी सर्वेश (पुत्र मोतीलाल) सोमवार सुबह बाइक से हथगांव थाना क्षेत्र के बेला गांव में एक अंतिम यात्रा (अंतिम संस्कार) में शामिल होने जा रहा था। थाना थरियांव क्षेत्र में असोथर रोड, श्याम नगर के पास सुबह करीब 7 बजे सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद सर्वेश सड़क पर गिर गया, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपर ने उसे रौंद दिया। हादसे में सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, असोथर रोड पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों का आवागमन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है, लेकिन कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।






