फतेहपुर की राजनीति में एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष और कांग्रेस की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ साझा की गई एक पुरानी मुलाकात की तस्वीर अब जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।
गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष, महिला कांग्रेस फतेहपुर की जिला अध्यक्ष और पीसीसी सदस्य हेमलता पटेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की। पोस्ट के साथ उन्होंने दोनों की एक पुरानी मुलाकात की तस्वीर भी साझा की।
तस्वीर सामने आने के बाद जिले में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा शुरू हो गई है कि हेमलता पटेल भविष्य में इंडिया गठबंधन की ओर से विधानसभा चुनाव में दावेदारी पेश कर सकती हैं।
हालांकि, इस संबंध में न तो हेमलता पटेल और न ही किसी राजनीतिक दल की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा की गई है। फिलहाल यह चर्चा सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर और राजनीतिक विश्लेषकों की अटकलों तक सीमित है।






