फतेहपुर। अयोध्या चंदा घोटाला मामले को लेकर फतेहपुर में राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के साथ अयोध्या जाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एहतियातन हाउस अरेस्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी समेत आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारियों को उनके घरों पर ही नजरबंद कर दिया गया। उनके आवासों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे वे अयोध्या के लिए रवाना न हो सकें।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अयोध्या चंदा घोटाले की सच्चाई सामने आने से रोकने के लिए सरकार विपक्ष की आवाज दबा रही है। उनका कहना है कि वे इस मामले में बड़ा प्रदर्शन कर घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।
कांग्रेस ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया जा रहा है। वहीं पुलिस और प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
इस घटनाक्रम के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।






