
नरसिंह मौर्य असोथर (फतेहपुर)।
असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव में मंगलवार रात एक अधेड़ किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह अरहर के खेत में शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीण जुट गए और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी थरियांव वीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए।
मृतक की पहचान टीकर गांव निवासी रामसुमेर उर्फ प्यारे सिंह (45) पुत्र शिवगोविंद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामसुमेर मंगलवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद रोज की तरह अपने घर से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सोने के लिए गए थे। वह सामान्यतः सुबह आठ बजे तक घर लौट आते थे, लेकिन बुधवार सुबह नौ बजे तक भी जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो गए।
परिजनों ने बच्चों को ट्यूबवेल पर भेजा, जहां ताला बंद मिला। इसी दौरान बेटी वापस लौटते समय अरहर के खेत में एक शव पड़ा देखा, जिसकी गर्दन कटी हुई थी। बच्ची घबराकर घर पहुंची और जानकारी दी, जिसके बाद परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रामसुमेर की पहचान हुई।
घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन गायब है। परिजनों ने बताया कि उनका मोबाइल बंद आ रहा है, जिससे हत्या के पीछे लूट या किसी साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है।
सूचना मिलते ही असोथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्षेत्राधिकारी थरियांव वीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह भी फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस पर दबाव बनाया।
मृतक के छोटे भाई की पत्नी शीलू सिंह ने बताया कि रामसुमेर रोज की तरह रात में ट्यूबवेल पर सोने गए थे, लेकिन सुबह उनकी हत्या की सूचना मिली। रामसुमेर अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनके परिवार में पत्नी रेनू सिंह, दो बेटियां—कोमल (22) व राधिका (13) और दो छोटे बेटे अंश व वंश (दोनों छह वर्ष) हैं। बड़ी बेटी कोमल की शादी हो चुकी है। पति की हत्या से पत्नी रेनू सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।
रामसुमेर दो भाइयों में बड़े थे। उनका छोटा भाई गोकुल सिंह कानपुर में नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलते ही वह गांव के लिए रवाना हो गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।







