नरसिंह मौर्य असोथर (फतेहपुर)।
नगर पंचायत असोथर में नामित तीन सभासदों को उप जिलाधिकारी (न्यायिक) अजय कुमार पांडेय ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंडपम गेस्ट हाउस में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में रामकिंकर अवस्थी, सर्वेश गुप्ता और निर्मल सिंह चौहान ने सभासद पद की जिम्मेदारी संभाली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता रहे। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अप्रैल माह में तीन महीने का मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है, जिसका लाभ पात्र कार्डधारक अवश्य लें। उन्होंने क्षेत्र में सड़कों के व्यापक विकास का भी जिक्र किया।
नगर पंचायत चेयरमैन नीरज सिंह सेंगर ने विकास कार्यों का खाका प्रस्तुत करते हुए कहा कि सभी वार्डों का समान रूप से विकास किया जाएगा। पेयजल और शिक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं अधिशासी अधिकारी एचपी सिंह ने नगर निकायों की योजनाओं की जानकारी देते हुए नागरिकों से इनका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम से पूर्व विधायक समेत अन्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत वार्ड संख्या 6 विधातीपुर के बाबातारा में राज्य वित्त से निर्मित बारात घर का विधायक द्वारा लोकार्पण किया गया। बारात घर के निर्माण से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल रहा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राम महेश निषाद, सभासद संजीव सिंह, मंगल पासवान, पप्पू सिंह, प्रवीण गुप्ता, आशीष गुप्ता, ओम प्रकाश, चंद्रपाल पासवान, पीयूष सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।






