फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बांदा-टांडा हाईवे स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा पर ओवरलोड वाहनों से कथित अवैध वसूली को लेकर बुधवार को वाहन चालकों और टोल कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वाहन चालकों और मोटर मालिकों का आरोप है कि फास्टैग से निर्धारित टोल शुल्क कटने के बाद भी ओवरलोड वाहनों को पास कराने के नाम पर टोल कर्मचारियों द्वारा अतिरिक्त नकद राशि की मांग की जाती है। चालकों का कहना है कि विरोध करने पर कर्मचारियों से कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में हंगामे में बदल गई। नाराज चालकों ने कथित अवैध वसूली बंद कराने और मौके पर टोल मैनेजर को बुलाने की मांग की।
बताया जा रहा है कि जिंदपुर टोल प्लाजा पर ओवरलोड वाहनों से वसूली के आरोप पहले भी लग चुके हैं। जून माह में भी इसी मामले में तत्कालीन संचालक विवेका कंस्ट्रक्शन कंपनी के अज्ञात टोल कर्मचारियों के खिलाफ ललौली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी थरियांव दुर्गेश दीप द्वारा की जा रही है।
वहीं, जिंदपुर टोल प्लाजा के प्रबंधक मोनू सिंह राठौर ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि कई ट्रक चालकों के पास यूपीआई सुविधा वाले स्मार्टफोन नहीं होते। ऐसे में कर्मचारी उनसे नकद राशि लेकर अपने मोबाइल से यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर देते हैं और निर्धारित टोल शुल्क की रसीद वाहन चालक को सौंप दी जाती है। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जाती और लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं।
फिलहाल, टोल प्लाजा पर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। यदि शिकायत मिलती है तो संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
Trending Now
ओवरलोड वाहनों से वसूली के आरोप पर जिंदपुर टोल प्लाजा में फिर हुआ हंगामा, वीडियो वायरल सप्ताह में कई बार होता बवेला दबंगई का बोलबाला
👁 87.6K views







