फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बकरी को चारा डालने गई महिला कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दब गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, महिला घर के पास बंधी बकरी को चारा डाल रही थी, तभी अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई और वह मलबे में दब गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए महिला को मलबे से बाहर निकाला।
घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि मलबे में दबकर बकरी की मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बताया जा रहा है कि दीवार काफी पुरानी और जर्जर थी, जिसके अचानक गिर जाने से यह हादसा हुआ।






