इस बार कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली 24 नवंबर 2026 दिन मंगलवार को है। पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर 2026 दिन सोमवार को रात्रि 11:00 बजे से 24 नवंबर 2026 दिन मंगलवार रात्रि 9:08 मिनट तक है।
यह पर्व सनातन धर्मावलंबियों का बहुत ही महत्वपूर्ण स्नान पर्व है। इसी तिथि को देव दीपावली का उत्सव भी मनाया जाता है और कार्तिक अमावस्या के समान ही भवनों को बिजली की जगमगाती रंग बिरंगी झालरों और मिट्टी के झिलमिलाते दीपको से सजाकर विविध प्रकार के पटाखे छुड़ाते हुए हर्षोल्लास व्यक्त किया जाता है।
फतेहपुर ही क्या,आसपास के जनपदों तक में शताब्दियों से शिवराजपुर की कतकी प्रसिद्ध रही है। गांव के किनारे बने बंदरगाह और एक से एक प्राचीन मंदिर उस स्थान की गौरवगाथा आज भी गा रहे हैं। यहीं पर राजस्थान की माटी में जन्मी और खेली कृष्ण कन्हैया की दीवानी मीराबाई जी के गिरधर गोपाल विराजते हैं।
एक समय था, जब मां गंगा इन्हीं मंदिरों और घाटों के पास अपनी शोभा बिखेरती थीं। आधी शताब्दी से अधिक हुआ ।अब वे वहां से लगभग चार-छह किलोमीटर दूर निकल गई हैं। अब गांव से कुछ दूर जाने पर पांडु नदी पड़ती है और पांडु नदी को पार कर लगभग 3 या 4 किलोमीटर दूर चलने पर भगवती गंगा के दर्शन सुलभ होते हैं। अभी 8-10 वर्ष पहले की बात है, अचानक गंगा जी सावन भादो के महीने में कुछ दिनों के लिए शिवराजपुर के घाटों पर पुनः उपस्थित हो गई थीं और किनारे खड़े मंदिर उनकी उज्ज्वल जलधारा में प्रतिबिंबित हो उठे थे।
फतेहपुर जनपद के सुप्रसिद्ध हास्य कवि तारकेश्वर बाजपेई लल्लन जी की 1954 के आसपास लिखी हुई कतकी पर हास्य कविता लोगों को अभी भूली नहीं होगी- “कतकी अउतै हुनकै लागीं,हमहूं मेला द्याखैं जइबे।” यह कविता उस कालखंड के यहां पर होने वाले मेले का बड़ा ही मनोरंजक और जीवंत दृश्य उपस्थित करती है। जब ऊबड़-खाबड़ कच्चे रास्तों पर बैलगाड़ियों के सिवा जन सामान्य की यात्रा का कोई और सुगम साधन नहीं था। लगभग 30 वर्ष पहले वहां के तत्कालीन ग्राम प्रधान श्री रमाकांत त्रिपाठी जी ने उस अवसर पर कवि सम्मेलन का भी बड़ा ही शानदार आयोजन करवाया था जिसमें लल्लन जी भी आए हुए थे और उन्होंने बड़े उत्साह पूर्वक उस रचना को प्रस्तुत किया। वैसे तो उनके साथ बहुत से मंच साझा करने का अवसर मुझे मिला था लेकिन तब उनकी उस कविता का आनंद सचमुच ही सजीव हो उठा और उसकी प्रत्येक पंक्ति जीते- जागते चित्र उपस्थित करने लगी। लगभग 4 वर्ष पूर्व ही उनकी शरीर यात्रा 98 वर्ष की आयु पूर्ण कर पूर्णता को प्राप्त हुई है।
इस स्नान पर्व के अवसर पर दिन पर दिन प्रदूषित होती जा रही नदियों की करुण कथा नहीं कही जाएगी तो कब कही जाएगी। आज गंगा ही नहीं, शायद ही कोई ऐसी नदी हो जो प्रदूषण की मार न झेल रही हो। कानपुर की टेनरियों के अपशिष्ट और गंदे नालों को ढोती गंगा,आगरा का समूचा मल समेटे यमुना, उज्जैन के बाहर ही अपने से ज्यादा गहरा और चौड़ा गंदा नाला समाती हुई शिप्रा, चित्रकूट के रामघाट को पार करके कूड़ा घर बनी बहती मंदाकिनी, तेजाब और कचरे से काली पड़ी पांडु नदी– किसकी दुख कथा कहूं! वह देश,वह समाज किस दिशा की ओर विकास की यात्रा में जाना चाहता है जो अपनी मातृ कुक्षि पर ही प्रहार कर रहा है। नदियां मांएं हैं। इन्हें इस धरती पर लाने में कितनों की, कितनी ही पीढ़ियां खप गई हैं ! उन लोगों ने इन नदियों को लेकर अपने भीतर भावी मानवता और लोककल्याण के कितने सघन सपने बुने होंगे और हाय आज उनकी यह दुर्दशा!
“गंदले नरवा, नरदा नियरे ,गिरतै रहैं ,कोउ रोकात नहीं।
सरकार आयोग बिठावति पै,बदलाव तो नेकहु आत नहीं।।
बहु बांध बनाय न रोकहु धार,या नीके कोऊ समुझात नहीं।
लुटो जात करोरन को धन पै,कछु लाभ तो लेखे लखात नहीं।।”
किस-किस का रोना रोऊं? खनिजों का अंधाधुंध दोहन हो रहा है। धरती पोली पड़ती जा रही है। सारे पहाड़ नंगे- खुदे पड़े हैं। हिमालय की ऊंचाइयों पर कितने ही झरने बंद हो गए हैं। कितनी ही धाराएं समाप्त हो गईं । जंगलों में बेरोकटोक आरे चल रहे हैं,कोई रोकने वाला नहीं है। वनों के स्थान पर कंक्रीट के महल- दुमहले खड़े हो रहे हैं। कोई सच बोलने को, मुंह खोलने को तैयार नहीं है। क्या इसी तरह कोई देश वास्तविक प्रगति के पथ पर कदम बढ़ाता है?
आज ही के दिन सिखों के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी का भी जन्मदिन है जिन्होंने मुगलों के अत्याचार से पिसती- कराहती हिंदू जनता को अपने प्रेम पूर्ण आशा भरे उपदेशों से जीने का संबल प्रदान किया। हिम्मत बंधाई ।उन जैसे महापुरुषों के उपकार को भूल जाना अपने आपके यथार्थ और आदर्श जीवन मूल्यों को ही भूल जाना है ।
“गुरु नानक के जन्मदिन, का यह पावन पर्व ।
भारतीय संस्कृति सदा, जिस पर करती गर्व।।”
Trending Now
कार्तिक पूर्णिमा ( देव दीपावली) एवं गुरु नानक जयंती : दिनांक 24 नवंबर 2026 दिन मंगलवार,लेखक : शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी
👁 22.6K views







