फतेहपुर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के सहयोग से संस्था जन कल्याण महासमिति फतेहपुर द्वारा शनिवार को विकास खंड हंसवा के ग्राम औरेइ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री विभाकर शास्त्री, विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान दीपक द्विवेदी उर्फ बचोले महाराज, श्री विराज शास्त्री, कंसल्टेंट निशीत जी एवं शिविर संयोजक भाजपा नेता धनंजय द्विवेदी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
शिविर के उद्घाटन से पूर्व ग्राम देवता सिद्ध पीठ मुड़िया बाबा मंदिर में आचार्य उमाकांत मिश्रा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कराया गया।
मुख्य अतिथि श्री विभाकर शास्त्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाजसेवा की भावना से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि गांव स्तर पर ही बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
स्वास्थ्य शिविर में कुल 615 लोगों का पंजीकरण किया गया। शिविर में शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, आंख, कान, HIV एवं सिफलिस सहित विभिन्न जांचें की गईं। चिकित्सकों द्वारा आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य परामर्श देने के साथ निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर के दौरान नेत्र रोगियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि मोतियाबिंद एवं अन्य गंभीर समस्याओं वाले मरीजों को जिला चिकित्सालय फतेहपुर रेफर किया गया। वहीं कान संबंधी समस्या वाले मरीजों को कान की मशीन भी उपलब्ध कराई गई।
संस्था जन कल्याण महासमिति के सचिव बी.पी. पाण्डेय ने कहा कि सच्ची समाजसेवा स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से ही संभव है। संस्था ऐसे बुजुर्गों एवं महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है, जिन्हें अस्पताल तक ले जाने वाला कोई नहीं होता।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं शिविर संयोजक धनंजय द्विवेदी, भाजपा नेता बृजेश द्विवेदी, राकेश मौर्य, नीटू मिश्रा, सुधांशु पांडे, सुरेंद्र मौर्य, कमल सिंह लोधी, शिवपूजन तिवारी, विजय द्विवेदी, नरेंद्र गुप्ता, पुष्पेंद्र दीक्षित, विश्वबिहारी दुबे, आर्यन सविता, सुदीप, आयुष, प्रकाश द्विवेदी एवं दुर्गेश दुबे सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
शिविर में डॉ. राजीव शुक्ला, डॉ. हिमांशु, डॉ. आदित्य कुमार, डॉ. पवन त्रिपाठी, सौरभ सिंह, फार्मासिस्ट रियांका सिंह, स्टाफ नर्स श्रेया, आदर्श मिश्रा, विनीता मिश्रा, काउंसलर माया देवी एवं सत्यदेव ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम के अंत में शिविर संयोजक धनंजय द्विवेदी ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी अजय सिंह चौहान द्वारा दी गई।






