फतेहपुर। त्योहारों के मौके पर चीनी के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। जिले में इन दिनों चीनी 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक के भाव में बिक रही है। अचानक बढ़े दामों को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले तक बाजार में 4500 से 4600 रुपये प्रति कुंतल के आसपास मिलने वाली चीनी अब 5900 से 6000 रुपये प्रति कुंतल तक पहुंच गई है। थोक बाजार में कीमत बढ़ने का सीधा असर फुटकर बाजार पर दिखाई दे रहा है। इसका असर खास तौर पर त्योहारों की तैयारियों पर पड़ रहा है, जब घरों में मिठाई और अन्य पकवान बनाने के लिए चीनी की खपत बढ़ जाती है।
चीनी के दाम बढ़ने को लेकर शुगर स्टॉकिस्टों का कहना है कि मिलर्स की ओर से चीनी के दाम बढ़ाए गए हैं। उनका कहना है कि थोक कीमतों में हुई बढ़ोतरी के चलते मजबूरी में फुटकर बाजार में भी चीनी महंगी करनी पड़ रही है।
वहीं, अचानक बढ़े दामों को लेकर जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को स्टॉक की जांच और जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है।
आम उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए चीनी के दामों में इतनी बड़ी बढ़ोतरी परेशानी बढ़ाने वाली है। त्योहारों से ठीक पहले चीनी महंगी होने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। अब लोगों की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई और बाजार में चीनी के दामों पर है।
Trending Now
चीनी के बढ़े दामों ने बिगाड़ा रसोई का बजट, त्योहारों से पहले महंगाई की मार
👁 22.4K views







