फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कथित धर्मांतरण के एक पुराने मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। छांगुर बाबा से जुड़े नेटवर्क की जांच के दौरान एटीएस ने बिंदकी कस्बे से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि औरैया की एक युवती को फतेहपुर लाकर धर्मांतरण कराया गया था, जिसके बाद उसका निकाह भी कराया गया।
जानकारी के मुताबिक एटीएस की टीम ने बिंदकी के मुगलाही बाजार स्थित ईमामबाड़ा इलाके से रियाज अंसारी को उसके घर से उठाया है और उससे पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई उस मामले में हुई है जिसमें औरैया जिले की एक युवती ने आरोप लगाया था कि उसे नाम बदलकर धोखे से प्रेमजाल में फंसाया गया और बाद में उसका धर्म परिवर्तन कराया गया।
पीड़ित युवती का आरोप है कि रियाज अंसारी के बेटे मेराज अंसारी ने अपना नाम बदलकर उससे संबंध बनाए और उसे फतेहपुर बुलाया। इसके बाद बिंदकी क्षेत्र की जिन्नादों वाली मस्जिद में उसका धर्मांतरण कराया गया और निकाह भी पढ़ाया गया।
हालांकि इस मामले में एक नया मोड़ यह भी है कि आरोपित मेराज अंसारी की साल 2024 में हत्या हो चुकी है। इसके बावजूद एटीएस अब पूरे नेटवर्क और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इसी कड़ी में रियाज अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इस पूरे मामले के तार कथित रूप से छांगुर बाबा से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। फिलहाल एटीएस की कार्रवाई के बाद बिंदकी क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां जल्द ही इस मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती हैं और नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल एटीएस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी हुई है।







