असोथर/फतेहपुर | नरसिंह मौर्य
थाना क्षेत्र के कुसुंभी गांव में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रताप नगर झाल, नगर पंचायत असोथर निवासी बृजेश सिंह (27) पुत्र कृष्णपाल सिंह मोटरसाइकिल से किसी निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह कुसुंभी गांव के तिराहे के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर गई। हादसा इतना तेज था कि युवक को गंभीर चोटें आ गईं और वह वहीं घायल अवस्था में पड़ा रहा।
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसा देर रात का है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।






