नई दिल्ली,। भारत सरकार की पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगी।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने पिछड़ा वर्ग के हितों के संरक्षण और उनके सामाजिक-आर्थिक विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि यह पद उनके लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्गों की सेवा का एक बड़ा अवसर है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इस नियुक्ति को उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए केंद्र सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।






