फतेहपुर। जनपद के ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में मंगलवार सुबह एक अहम घटनाक्रम सामने आया। अयोध्या राम मंदिर जाने के कार्यक्रम और जिले की कानून-व्यवस्था के मद्देनजर स्थानीय पुलिस प्रशासन ने महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल से उनके निजी आवास पर ही रहने का आग्रह किया।
सुबह करीब 9 बजे बहुआ चौकी प्रभारी अरुण कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ हेमलता पटेल के आवास पहुंचे। इस दौरान हेमलता पटेल ने पुलिस को बताया कि उनका कार्यक्रम अयोध्या जाने के साथ-साथ क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से कलेक्ट्रेट में मुलाकात करने का भी था।
हालांकि, प्रशासन के अनुरोध और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी को देखते हुए उन्होंने पुलिस के आग्रह का सम्मान किया और अपने आवास पर ही रुक गईं।
इस मौके पर हेमलता पटेल ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी आस्था के अनुसार पूजा-अर्चना करने, मंदिर में दर्शन करने और जनता की सेवा करने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि इन अधिकारों से किसी को वंचित करना उचित नहीं है।
हेमलता पटेल ने कहा, “यदि मैं जाना चाहूं तो मुझे कोई रोक नहीं सकता, लेकिन मैंने हमेशा कानून और वर्दी का सम्मान किया है। इसलिए आज पुलिस के आग्रह को स्वीकार किया है। जनता के अधिकारों और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए मेरी शांतिपूर्ण लड़ाई और जनसेवा निरंतर जारी रहेगी।”
उन्होंने प्रशासन से नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों और जनभावनाओं का सम्मान करने की भी अपील की। पुलिस की कार्रवाई के बाद हेमलता पटेल के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, जबकि पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का दौर जारी रहा।






