फतेहपुर: जिले में रमजान के अंतिम शुक्रवार को अलविदा की नमाज अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। शहर समेत पूरे जिले की मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्रपाल सिंह ने शहर के प्रमुख मार्गों और कई मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अलविदा की नमाज के दौरान मस्जिदों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई और पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से जिले भर में अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो गई।







