फतेहपुर, 2 अप्रैल। अखिल भारत हिंदू महासभा के तत्वावधान में शहर के पटेल नगर चौराहा स्थित सिद्ध श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में श्री केसरी नंदन पवन पुत्र हनुमान जी का जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत संगीत मय सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना, आरती और हवन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान हनुमान से विश्व कल्याण की कामना की। वातावरण में गूंजते भजन और मंत्रोच्चार ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान आम जनमानस एवं राहगीरों के बीच प्रसाद स्वरूप शरबत और बूंदी का वितरण किया गया, जिसे लोगों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने उपस्थित लोगों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सनातन धर्म हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि कलयुग में भक्ति और पूजा के माध्यम से ही व्यक्ति अपने पापों का निवारण कर सकता है।
इस आयोजन में भागवत आचार्य श्री सुरेश त्रिपाठी, रवि द्विवेदी, तबला वादक दीपू द्विवेदी, शशिकांत मिश्रा, गजेंद्र मौर्य, स्वामी राम आसरे आर्य, करण सिंह पटेल, डॉ. प्रमोद पांडे, संतोष नेता, स्वामी गणेशानंद महाराज, सुधा सिंह, रंजना सिंह समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।






