फतेहपुर, 16 अप्रैल। अखिल भारत हिंदू महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक कैंप कार्यालय, आईटीआई रोड फतेहपुर में आयोजित की गई, जिसमें आगामी 19 अप्रैल 2026 को भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में समारोह को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने बताया कि 19 अप्रैल, रविवार को भगवान परशुराम जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर भगवान श्री परशुराम की भूमिका में प्रख्यात अभिनेता रामबाबू द्विवेदी ‘मयंक’ विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:00 बजे त्रिवेदी टावर, आईटीआई रोड से भजन-कीर्तन के साथ होगी। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से भगवान परशुराम के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मनोज त्रिवेदी ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम का प्रकट दिवस एक राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन के दौरान आम जनमानस के लिए सब्जी, बूंदी और शरबत आदि का वितरण भी किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, जिला अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, स्वामी राम आसरे आर्य, करण सिंह पटेल, डॉ. प्रमोद पांडे, संतोष नेता, मूलचंद गुप्ता, दीपक यादव, मुकेश चौरसिया, श्रवण कुमार आचार्य, धनंजय पांडे, आचार्य विजय तिवारी एवं जिला प्रभारी गजेंद्र मौर्य सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






