फतेहपुर जनपद के गांधी सभागार में आज आयोजित एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने सरकार के 9 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को विस्तार से गिनाते हुए उन्हें आम जनता के लिए ऐतिहासिक बताया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधे आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी हुई है। वहीं गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा गरीबों को मुफ्त राशन, शौचालय निर्माण, वृद्धावस्था पेंशन सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा सड़कों के निर्माण, बिजली आपूर्ति में सुधार और बुनियादी ढांचे के विकास में भी तेजी आई है।
प्रभारी मंत्री ने दावा किया कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और पारदर्शिता के साथ उनका लाभ लोगों को मिल रहा है।
इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी भी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर जिले में खासा उत्साह देखने को मिला।







