फतेहपुर। जिले में नाबालिग बच्चों को लालच देकर घरों से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कराने वाले गिरोह का सदर कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में गिरोह की तीन अलग-अलग घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। आरोपी बच्चों को आईफोन, मोबाइल, वीडियो गेम, रुपये और होटल-रेस्टोरेंट में खाना खिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी 12 से 14 वर्ष की उम्र के बच्चों को निशाना बनाते थे। कई बार बच्चों के साथ पढ़ने वाले सहपाठियों के माध्यम से उनसे संपर्क किया जाता था। इसके बाद उन्हें महंगे मोबाइल, आईफोन, वीडियो गेम और रुपये देने का लालच देकर घर में रखे जेवरात लाने के लिए तैयार किया जाता था।
इस गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। एक मामले में आरोपियों ने पहली बार जेवरात लेते समय नाबालिग का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सार्वजनिक करने, मारपीट करने और पुलिस में फंसाने की धमकी देकर बच्चे पर दोबारा घर से जेवरात लाने का दबाव बनाया गया। बच्चों से जेवरात लेने के बाद आरोपियों ने न तो उन्हें वादा किया गया सामान दिया और न ही रुपये लौटाए।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना में टीचर्स कॉलोनी हरिहरगंज से सोने की 10 अंगूठियां, हीरे की अंगूठी, सोने का चोकर, चेन, मंगलसूत्र, चूड़ियां और चांदी की करधनी गायब हुई थी। दूसरी घटना में अंगूठी, मंगलसूत्र और झुमके तथा तीसरी घटना में सोने के कई आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी कराए गए थे।
पुलिस ने 14 नवंबर को रहमान खान पुत्र कय्यूम खान निवासी बाक़रगंज तथा अरम पुत्र इरशाद आलम निवासी मसवानी को गिरफ्तार किया है। दोनों की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
फतेहपुर पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों और संगत पर विशेष नजर रखें। किसी अनजान व्यक्ति के लालच या धमकी में आकर बच्चों को घर के रुपये और जेवरात किसी को नहीं देने चाहिए।







