फतेहपुर: जनपद फतेहपुर के खखरेरू थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक हिंदू युवती को ब्लैकमेल कर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि मंसूब अहमद नामक युवक ने युवती को अपने झांसे में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
आरोप है कि बाद में इन्हीं फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी युवती को ब्लैकमेल करता रहा और उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाता रहा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धर्मांतरण, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता को हर संभव सुरक्षा और न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।






