फतेहपुर। जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के अमौली कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शॉर्ट सर्किट के चलते एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा और तेज धमाकों जैसी आवाजों से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर में पहले तेज स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें पास में बनी एक टीनशेड दुकान तक पहुंच गईं, जिससे दुकान का कुछ हिस्सा भी जल गया। गनीमत रही कि समय रहते लोग सतर्क हो गए और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पानी और मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना मिलने पर बिजली विभाग ने एहतियात के तौर पर इलाके की विद्युत सप्लाई बंद कर दी।
आग लगने से क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मरों की खराब स्थिति और समय पर रखरखाव न होने पर नाराजगी जताई है।






