फतेहपुर। जिले में छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना फायर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) के संचालित 6 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी को सील कर दिया। यह कार्रवाई फायर विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सदर, बिंदकी और खागा तहसील क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की।
जांच में सामने आया कि कुछ संस्थानों में बेसमेंट में नियमों के विपरीत कक्षाएं संचालित की जा रही थीं, जो सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। इसके बाद टीम ने तत्काल प्रभाव से छह संस्थानों को सील कर दिया।
अभियान के दौरान फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। कई अन्य कोचिंग संस्थानों में भी कमियां मिलने पर उन्हें नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) जसवीर सिंह ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना फायर एनओसी और आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थानों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन ने सभी कोचिंग एवं लाइब्रेरी संचालकों से सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने और समय पर फायर एनओसी प्राप्त करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






