फतेहपुर- निष्पक्ष देव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गुरसंडी में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ‘पर्यावरण पहरूवा’ उपस्थित रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रवीण पांडेय ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, आदिवासी अस्मिता और उनके ऐतिहासिक जल–जंगल–जमीन संरक्षण आंदोलन पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का जो अभियान छेड़ा, वह आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। प्रवीण पांडेय ने कहा कि बुंदेलखंड के भविष्य को सुरक्षित रखना है तो हमें प्रकृति और पर्यावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
विद्यालय प्रबंधन तथा उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और पर्यावरण संरक्षण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।






