नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ती नजर आ रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की सपा पर लगातार तीखी बयानबाजी के बीच गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें नसीहत दी, जिस पर मसूद ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
खरगे की नसीहत: ‘कम बोलो, काम ज्यादा करो’
लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने इमरान मसूद के बयानों पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि मैं अक्सर इमरान मसूद को टेलीविजन पर सुनता हूं, जहां वे पूरे जोश के साथ बोलते हैं। हालांकि, हमें सिर्फ शब्दों के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए। हम जितना मिलकर काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि मसूद संसद में लगातार पार्टी के लिए लड़ते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखा जाए।
मसूद का जवाब: ‘अहंकार से सबको दूर रहना चाहिए’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की नसीहत पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद इमरान मसूद ने कहा कि खरगे का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है और उन्होंने जो भी कहा है, वह सही है। मसूद ने कहा कि उन्होंने एक ही बात कही है अहंकार; हर किसी को अहंकार से दूर रहना चाहिए। वे देश के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और कांग्रेस के अध्यक्ष हैं, इसलिए मेरा मानना है कि लोगों को उनकी बात को पूरी गंभीरता से लेना होगा।
इस दौरान इमरान मसूद ने सीएम योगी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आप धर्म के आधार पर पहचान कर लोगों की हत्या कर रहे हैं, लोगों के धार्मिक स्थलों को ध्वस्त कर रहे हैं और बाबासाहेब के सपने को चकनाचूर कर रहे हैं और उल्टा हमसे सवाल पूछ रहे हैं?
सीट बंटवारे पर सपा से इमरान मसूद ने पूछे तीखे सवाल
इससे पहले इमरान मसूद ने कहा था कि कांग्रेस सपा की गठबंधन सहयोगी है या फिर उसके साथ नौकरों जैसा व्यवहार किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी पार्टी के लिए काम कर रही है और सम्मान के साथ गठबंधन चाहती है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन उसके बाद कोई चर्चा नहीं की गई। इसके बजाय सपा ने अपनी ओर से सीटों की सूची भेज दी। उन्होंने सवाल किया कि अगर फैसले इसी तरह लेने हैं तो फिर बातचीत का क्या मतलब है?







