उत्तर प्रदेश के महोबा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अमर्यादित टिप्पणी और बिना अनुमति समर्थकों की भीड़ इकट्ठा करने के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने अजय राय, निवर्तमान प्रदेश सचिव बृजराज सिंह वर्मा समेत 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि बीते दिनों यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय महोबा के समद नगर इलाके में कथित दुष्कर्म पीड़ित नीट छात्रा से मुलाकात करने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान बिना प्रशासनिक अनुमति समर्थकों की भीड़ जुटाई गई। पीड़िता से मुलाकात के बाद लौटते समय अजय राय का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह अपने सहयोगी और निवर्तमान प्रदेश सचिव बृजराज सिंह वर्मा से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते दिखाई दिए।
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। भाजपा एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी।
भाजपा नेता की तहरीर पर दर्ज हुआ केस
वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज रावत की शिकायत के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने अजय राय, बृजराज सिंह वर्मा और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता से मुलाकात के दौरान की थीं ये मांगें
मुलाकात के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कथित दुष्कर्म पीड़ित छात्रा के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। हालांकि लौटते समय वायरल हुए वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक विवाद में बदल दिया।
कांग्रेस बनाम भाजपा के बीच बढ़ी तल्खी
भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अब अजय राय के बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। वहीं मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में बेचैनी का माहौल बना हुआ है।






