बांदा। मानवता परिवार जिला इकाई बांदा द्वारा रविवार (08 मार्च 2026) को आदर्श बाल निकेतन विद्यालय, अतर्रा में कार्यशाला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्था की कार्यप्रणाली, पारदर्शी व्यवस्था और आपसी सहयोग से संचालित सहायता योजनाओं की जानकारी समाज के लोगों तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में मानवता परिवार द्वारा संचालित सामाजिक गतिविधियों और जनहित में चलाई जा रही सहयोग योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
संस्था के राष्ट्रीय संयोजक हिमांशु कुमार ने बताया कि मानवता परिवार सदस्यों के आपसी सहयोग से संचालित एक सामाजिक संस्था है, जो जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक दो मृतक नामिनी सहयोग प्रकरणों में संस्था की ओर से लगभग 6 लाख 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता संबंधित परिवारों को प्रदान की जा चुकी है।
इसके अलावा संस्था द्वारा ₹200 के वार्षिक सहयोग शुल्क के माध्यम से दुर्घटना एवं आकस्मिक चिकित्सा सहायता योजना भी संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 8 सदस्यों को लगभग 2.5 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा चुकी है।
वक्ताओं ने कहा कि मानवता परिवार का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर आर्थिक और सामाजिक सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस दौरान समाजसेवी संतोष अनुरागी, जिला प्रभारी बांदा राम दुलारे सोनकर, मंडल प्रभारी देवेंद्र चित्रकूट श्रीवास्तव और जिला प्रभारी बांदा आशीष कुमार को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समाजसेवी एवं वरिष्ठ शिक्षक संतोष अनुरागी को मानवता परिवार का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक हिमांशु कुमार, जिला प्रभारी अरुण जी, ब्लॉक प्रभारी पंकज कुमार, कोऑर्डिनेटर अनुराग एवं ऐश्वर्य प्रताप सहित संस्था के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।







